यूपी के कई जिलों में सपा कार्यकर्ताओं का सरकार के खिलाफ हल्लाबोल, छावनी में तब्दील हुई सीतापुर तहसील

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2022 के लिए अभी से सभी राजनीतिक दलों ने एक दूसरे पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। वहीं आज कानपुर में समाजवादी पार्टी ने शिक्षक पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला है।
सपा के जिला अध्यक्ष डॉक्टर इमरान, विधायक अमिताभ बाजपेई और इरफान सोलंकी ने अपने समर्थकों के साथ जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है।
उन्होंने सरकार की किसान विरोधी नीतियों, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम समेत पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर विधायकों ने और जिलाध्यक्ष ने योगी सरकार पर हर मोर्चे में फेल होने का आरोप लगाया।
जमकर किया प्रदर्शन
वहीं, बहराइच की कसरगंज तहसील में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पंचायत चुनाव में हुई धांधली रोजगार, गन्ना मूल्य भुगतान, पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदर्शन किया गया।
सपाइयों ने हाथ में झंडा और तख्ती लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा के प्रदर्शन को देखते हुए तहसील परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. जिले की सभी तहसीलों पर सपा का प्रदर्शन जारी है।
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई, ब्लॉक प्रमुख चुनाव में धांधली, बिगड़ी कानून व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों को लेकर प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन का एलान किया था।
सीतापुर में भारी पुलिस बल तैनात
जिसके चलते सीतापुर में भी समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। सीतापुर में सपाइयों ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस प्रशासन भारी बल के साथ मौजूद है।
पुलिस सपाइयों को तहसील में नहीं जाने दे रही है। तहसील में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। सपा के पार्टी कार्यालय को भी पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है।