छठ पर्व को लेकर रेलवे की खास तैयारी, बनाया गया 24 घंटे एक्टिव वार रूम

छठ महापर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारी भीड़ को संभालने के लिए रेलवे की तरफ से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं।
इस बार रेल भवन में एक गुप्त वार रूम भी बनाया गया है, जो 24 घंटे एक्टिव है। यहां से देशभर के रेलवे स्टेशनों की निगरानी की जा रही है।
भीड़ पर नजर, तुरंत एक्शन
त्योहार के दौरान रेलवे स्टेशनों पर काफी भीड़ बढ़ जाती है। हादसों से बचने और व्यवस्था बेहतर करने के लिए रेल भवन से लगातार निगरानी की जा रही है। खुद रेल मंत्री इस वार रूम पर नजर रख रहे हैं और लगातार फीडबैक ले रहे हैं।
मंत्री यात्रियों से ले रहे फीडबैक
अश्विनी वैष्णव अलग-अलग स्टेशनों का दौरा कर यात्रियों से सीधे बातचीत कर रहे हैं। सुविधाओं को लेकर यात्रियों की राय ले रहे हैं। जहां भी कोई कमी दिखती है, वहां अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
23 अक्टूबर को सबसे ज्यादा भीड़ की संभावना
छठ के दौरान सबसे अधिक भीड़ 23 अक्टूबर को हो सकती है। इसे देखते हुए रेलवे ने खास रणनीति बनाई है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, स्लीपर क्लास में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं, जिससे भीड़ कुछ हद तक कम हो रही है।
नई दिल्ली स्टेशन पहुंचे रेल मंत्री
मंगलवार, 21 अक्टूबर को रेल मंत्री नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन पर तैयारियों का जायजा लिया और कंट्रोल रूम से निगरानी की। यात्रियों से बातचीत कर उनके अनुभव भी सुने।
मंत्री ने बताया कि अब तक 1 करोड़ से ज्यादा लोग विशेष ट्रेनों से यात्रा कर चुके हैं। दिल्ली क्षेत्र में रोजाना करीब 4.25 लाख लोग सफर कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 12,000 गाड़ियों की व्यवस्था की है।



