Kanpur Hit and Run: सचेंडी में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, दोनों की मौत—चालक फरार

कानपुर जिले के सचेंडी थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 10:30 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। उदयपुर कंजड़ डेरा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदते हुए भाग निकला। हादसे में बाम्बी निवासी सुंदरलाल कुशवाहा (55) और उनके इकलौते बेटे मनोज कुशवाहा (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को सीएचसी कल्याणपुर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
परिजनों के मुताबिक सुंदरलाल रविवार को अपने बेटे मनोज के साथ सचेंडी निवासी दामाद फूल सिंह से मिलने आए थे। कुछ देर दामाद के घर रुकने के बाद दोनों बाइक से बाम्बी स्थित अपने घर लौट रहे थे। उदयपुर कंजड़ डेरा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी और दोनों को रौंदते हुए भाग निकला। टक्कर लगते ही दोनों लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी कल्याणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी।
पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मनोज परिवार का इकलौता बेटा था और राजमिस्त्री का काम करता था। उसके परिवार में एक छोटी बहन है। एक ही हादसे में पिता और इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्र की मौत हुई है और वाहन का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



