देश-विदेश

नेपाल के बीरगंज में मस्जिद तोड़फोड़ के बाद हिंसक झड़प, कर्फ्यू लगाया

बीरगंज, नेपाल: नेपाल के पारसा जिले के बीरगंज में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई है। विवाद की शुरुआत दक्षिणी धनुषा जिले में मस्जिद में तोड़फोड़ और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुई।

प्रशासन के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो मुस्लिम युवक हिंदुओं के बारे में अपमानजनक बातें करते दिखे। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने धनुषा में मस्जिद में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इसके बाद बीरगंज में मुस्लिम समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया, सड़कों पर टायर जलाए और नारे लगाए।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बीरगंज के कई इलाकों में सोमवार से कर्फ्यू लगाया गया। कर्फ्यू के तहत कोई भी मेले, जुलूस, पब्लिक मीटिंग या विरोध प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। कर्फ्यू क्षेत्र में पूर्व में बस पार्क, पश्चिम में सिरसिया ब्रिज, उत्तर में पावर हाउस चौक और दक्षिण में शंकराचार्य गेट शामिल हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

धनुषा जिला पुलिस प्रमुख बिश्व राज खड़का ने बताया कि वीडियो बनाने वाले दो मुस्लिम युवकों और मस्जिद में तोड़फोड़ करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें 5 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा गया है।

बीरगंज भारत की सीमा से सटा होने के कारण सीमा पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। नेपाल में 5 मार्च 2026 को आम चुनाव होने हैं और 2025 में जेन-जी आंदोलन और तख्तापलट के बाद देश में राजनीतिक और सामाजिक तनाव बढ़ा हुआ है।प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button