पाकिस्तान में 8 बजे से स्मार्ट लॉकडाउन लागू, पब्लिक ट्रांसपोर्ट फ्री

ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट पर जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की कमी गहराती जा रही है। इस संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने देशभर में स्मार्ट लॉकडाउन लागू करने का ऐलान किया है।
शहबाज सरकार के फैसले के मुताबिक पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, गिलगित-बाल्टिस्तान, पीओके और इस्लामाबाद में सभी बाजार, शॉपिंग मॉल और वाणिज्यिक क्षेत्र रात 8 बजे बंद होंगे। खैबर पख्तूनख्वा के कुछ संभागीय मुख्यालयों में मॉल और बाजार रात 9 बजे तक खुले रहेंगे।
विशेष छूट दी गई है – मेडिकल स्टोर, फार्मेसियां और जरूरी सेवाएं इस लॉकडाउन से बाहर रहेंगी। वहीं, शादी समारोह और निजी आयोजनों पर भी पाबंदी लगाई गई है।
सार्वजनिक परिवहन में राहत देते हुए, गिलगित और मुजफ्फराबाद शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट अगले एक महीने तक फ्री रहेगा। इसका पूरा खर्चा सरकार उठाएगी।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में ऊर्जा बचत और ईंधन के कम इस्तेमाल पर जोर दिया गया। डिप्टी पीएम इशाक डार, योजना और विकास मंत्री एहसान इकबाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
विशेषज्ञों का कहना है कि ईंधन संकट के कारण पाकिस्तान में स्मार्ट लॉकडाउन के लागू होने से आम जनता को दिनचर्या में बदलाव करना पड़ सकता है, लेकिन इससे ईंधन की बचत और जरूरी सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।




