देश-विदेश

बारामती उपचुनाव: कांग्रेस ने उम्मीदवार वापस लिया, सुनेत्रा पवार का रास्ता साफ

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में अहम माने जा रहे बारामती उपचुनाव को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने इस सीट से अपना उम्मीदवार वापस ले लिया है, जिससे सुनेत्रा पवार का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

यह उपचुनाव अजित पवार के निधन के बाद कराया जा रहा है। सुनेत्रा पवार ने पहले ही इस सीट से नामांकन दाखिल कर दिया था।

फडणवीस की पहल का असर

सूत्रों के अनुसार, देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से फोन पर बात कर सुनेत्रा पवार को निर्विरोध चुनने के लिए उम्मीदवार वापस लेने का अनुरोध किया था।

कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया ऐलान

गुरुवार को हर्षवर्धन सपकाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के उम्मीदवार को वापस लेने की घोषणा की। इसके बाद पार्टी प्रत्याशी आकाश मोरे ने भी नामांकन वापस ले लिया।

एनसीपी ने जताया आभार

इस फैसले पर सुनील तटकरे ने कांग्रेस का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने “बड़ा दिल” दिखाते हुए एकजुटता का परिचय दिया है।

तटकरे ने यह भी याद दिलाया कि अजित पवार ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और लंबे समय तक पार्टी के साथ मिलकर काम किया। उन्होंने शरद पवार की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

राजनीति में नई समीकरण की झलक

कांग्रेस के इस फैसले को महाराष्ट्र की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पहले कांग्रेस, एनसीपी और भाजपा के बीच तीखी बयानबाजी रही है, लेकिन इस कदम से सहयोग और रणनीतिक समझ के संकेत भी मिलते हैं।

अब बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार के निर्विरोध चुने जाने की संभावना काफी बढ़ गई है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button