अंबेडकर जयंती पर संसद में दिखी सियासी सौहार्द की झलक, मोदी-खड़गे की मुलाकात बनी चर्चा

नई दिल्ली: डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर मंगलवार सुबह संसद परिसर का माहौल राजनीतिक औपचारिकताओं से आगे बढ़कर एक सौहार्दपूर्ण संवाद का गवाह बना। प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पीएम मोदी के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई।
सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने खड़गे से महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की ओर से लाया जा रहा यह संशोधन कानून महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम है और इसे राजनीतिक समर्थन मिलना चाहिए।
इस पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि वह इस विषय पर पार्टी स्तर पर चर्चा के बाद अपना रुख स्पष्ट करेंगे। दोनों नेताओं के बीच बातचीत को शिष्टाचारपूर्ण और सकारात्मक बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि सरकार 16 से 18 अप्रैल के बीच संसद सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े संवैधानिक संशोधन पर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है। इस विधेयक के लागू होने पर लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिसे सरकार 2029 के चुनाव से पहले लागू करने की योजना बना रही है।
इसी बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विपक्षी दलों को पत्र लिखकर इस प्रस्ताव पर सहयोग की अपील की है।
अंबेडकर जयंती के अवसर पर संसद परिसर में बाबासाहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। देशभर में आज डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। बाबासाहेब को भारतीय संविधान के निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रबल पक्षधर के रूप में याद किया जाता है।



