राज्य

आतंकी साजिश नाकाम: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार युवकों को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देश में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक ये आरोपी अलग-अलग राज्यों—महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार—से पकड़े गए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे और IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने की तैयारी कर रहे थे.

IED बनाने का सामान बरामद, सोशल मीडिया से फैलाते थे कट्टरपंथ

पुलिस ने आरोपियों के पास से IED बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान और मोबाइल फोन बरामद किया है. जांच एजेंसियों का कहना है कि ये युवक कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित थे और सोशल मीडिया के जरिए नफरत फैलाने और नए लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहे थे.

सूत्रों के अनुसार, आरोपी क्लोज्ड सोशल मीडिया ग्रुप्स में सक्रिय थे, जहां आतंकी विचारधारा, जिहाद और हथियारों से जुड़ी बातें साझा की जाती थीं. इन्हीं ग्रुप्स के जरिए ये लोग युवाओं को भड़काने और अपनी सोच से जोड़ने का काम कर रहे थे.

दिल्ली में संवेदनशील जगहों की रेकी का खुलासा

जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से एक आरोपी ने दिसंबर 2025 में दिल्ली आकर लाल किला और इंडिया गेट जैसे संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी. उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर लाल किले की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक पोस्ट भी साझा किया था.

इसके अलावा एक अन्य आरोपी क्राउड फंडिंग के जरिए पैसे जुटाने में लगा था, जबकि दूसरा लोगों को हथियार प्रशिक्षण और अन्य सहायता देने का झांसा देकर नेटवर्क तैयार कर रहा था.

रिमोट IED बनाने की थी योजना

पुलिस के अनुसार दो आरोपी मिलकर रिमोट कंट्रोल IED बनाने की योजना पर काम कर रहे थे. इसके लिए बॉल बेयरिंग, कील, खिलौना कार जैसे उपकरण पहले ही जुटाए जा चुके थे. यह सामग्री विस्फोटक उपकरण तैयार करने में इस्तेमाल की जानी थी.

BNS 2023 के तहत मामला दर्ज, जांच जारी

गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी सामान्य पृष्ठभूमि से आते हैं. इनमें कोई मैकेनिक, कोई सिक्योरिटी गार्ड और कोई प्लंबर के रूप में काम करता था. सभी अधिकतर 10वीं तक पढ़े हुए हैं.

पुलिस ने बताया कि इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

Related Articles

Back to top button