आसनसोल में कांग्रेस समर्थक की संदिग्ध हत्या, चुनाव बाद बढ़ा तनाव

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद हिंसा की खबर सामने आई है। पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में एक कांग्रेस समर्थक की घर के बाहर कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवदीप चटर्जी के रूप में हुई है। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शव को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात कुछ लोगों ने घर में घुसकर देवदीप के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मृतक स्थानीय हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में रहते थे और कांग्रेस उम्मीदवार प्रोसेनजीत पुइतांडी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। कांग्रेस ने इस हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया है।
प्रोसेनजीत पुइतांडी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब देवदीप अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा।
देवदीप की पत्नी ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें तृणमूल पार्षद अनिमेष दास के करीबी लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, अनिमेष दास ने इस घटना की जानकारी से इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।



