मनोरंजन

अक्षय कुमार की ऐतिहासिक फिल्म पर बड़ा अपडेट, 2027 में रिलीज की तैयारी

मुंबई: अभिनेता अक्षय कुमार इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 200 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच चुकी है। इसके अलावा उनके पास ‘हैवान’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी बड़ी फिल्में भी कतार में हैं।

इसी बीच उनकी चर्चित ऐतिहासिक फिल्म ‘वेडात मराठे वीर दौडले सात’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस को राहत दी है। पहले इस फिल्म के बंद होने और वित्तीय दिक्कतों की खबरें सामने आई थीं, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक यह प्रोजेक्ट पूरी तरह ट्रैक पर है।

फिल्म का निर्देशन महेश मांजरेकर कर रहे हैं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट पर करीब सात साल पहले काम शुरू किया था। इसका आधिकारिक ऐलान नवंबर 2022 में हुआ था और दिसंबर 2022 में शूटिंग शुरू कर दी गई थी। अब फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है।

इस फिल्म में अक्षय कुमार छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस किरदार के लिए करीब 25 दिनों तक शूटिंग की और इसमें पूरी तरह से डूबकर काम किया है। फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है और इसे भारतीय सिनेमा की भव्य ऐतिहासिक फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की रिलीज डेट अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं की गई है, लेकिन मेकर्स फिलहाल इसे 1 जनवरी 2027 के स्लॉट में रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ महेश मांजरेकर के बेटे सत्य मांजरेकर सहित प्रवीण तरडे, जय दुधाने, हार्दिक जोशी, विशाल निकम और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।

‘वेडात मराठे वीर दौडले सात’ की कहानी 1674 की ऐतिहासिक नेसरी की लड़ाई पर आधारित है, जिसमें सेनापति प्रतापराव गुर्जर और सात बहादुर योद्धाओं ने मुगल सेना के खिलाफ वीरता से लड़ाई लड़ी थी।

इस अपडेट के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में एक बार फिर उत्साह बढ़ गया है और अब सभी की नजरें इसके आधिकारिक रिलीज ऐलान पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button