शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में गिरफ्तार राज सिंह की मां बोलीं- ‘मेरा बेटा निर्दोष है’

Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी Raj Singh की मां ने बेटे को निर्दोष बताया है। उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राज सिंह उर्फ चंदन को पश्चिम बंगाल, बिहार और यूपी पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया था।
अब आरोपी की मां Jamwanti Singh ने गिरफ्तारी को फर्जी बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
‘मेरा बेटा कभी कोलकाता गया ही नहीं’
राज सिंह की मां का दावा है कि उनका बेटा 9 मई को उनके साथ अयोध्या दर्शन के लिए गया था और वहीं से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कभी कोलकाता नहीं गया और न ही वहां उसकी कोई रिश्तेदारी है।
ANI से बातचीत में जामवंती सिंह ने कहा,
“उन्होंने हमारी गाड़ी रोक ली और मेरे बेटे को उतार लिया। मुझे महिला थाने में बैठा दिया गया। रातभर हमें कुछ नहीं बताया गया। बाद में कहा गया कि कोलकाता पुलिस पूछताछ के लिए ले जा रही है।”
CCTV फुटेज का दिया हवाला
राज सिंह की मां ने दावा किया कि उनके पास घर और बाजार की CCTV फुटेज मौजूद है, जिसमें उनका बेटा 1 से 8 मई के बीच बलिया में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा,
“वो कहीं नहीं गया था। घर में था, बाजार गया था, खरीदारी की थी। सबूत हमारे पास हैं।”
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस ने अयोध्या पुलिस की मदद से रविवार देर रात राज सिंह को हिरासत में लिया था। पुलिस का दावा है कि वह चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में शामिल शूटरों में से एक है।
राजनीति से भी जुड़ा रहा है नाम
राज सिंह के सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश का महासचिव बताया जा रहा है। इसके अलावा वह चिलकहर ब्लॉक प्रमुख पद की दावेदारी की तैयारी कर रहा था और स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने की भी योजना बना रहा था।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 6 मई की रात शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच के लिए गठित SIT लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। इसी कड़ी में यूपी और बिहार में भी कार्रवाई की गई।




