ईरानी विदेश मंत्री और मोहसिन नकवी की बैठक, अमेरिका-इज़राइल पर तेहरान का बड़ा बयान

मोहसिन नकवी और सैयद अब्बास अराघची के बीच तेहरान में हुई अहम बैठक को लेकर ईरानी विदेश मंत्रालय ने विस्तृत बयान जारी किया है। मंत्रालय के अनुसार पाकिस्तान के गृह मंत्री सैयद मोहसिन नकवी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वार्ता के लिए ईरान पहुंचे थे, जहां सोमवार (18 मई 2026) को दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण बातचीत हुई।
सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर हुई चर्चा
ईरानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक बैठक में ईरान और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। खासतौर पर सुरक्षा, सीमा प्रबंधन और आर्थिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर दोनों देशों ने विस्तार से चर्चा की।
दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और ईरान के खिलाफ अमेरिका एवं इज़राइल से जुड़े तनावपूर्ण घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। ईरान की ओर से कहा गया कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को रोकने और कूटनीतिक समाधान आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तान की भूमिका सराहनीय है।
अमेरिका पर ईरान का तीखा हमला
सैयद अब्बास अराघची ने बातचीत के दौरान अमेरिका के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका का “विरोधाभासी और अत्यधिक दबाव वाला रवैया” कूटनीति के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा है।
ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि अतीत में अमेरिका ने कई बार वादाखिलाफी और कूटनीतिक विश्वासघात किया है, जिसके कारण तेहरान को अमेरिकी नेतृत्व पर गहरा अविश्वास है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से जिम्मेदाराना तरीके से कूटनीतिक प्रक्रिया में भाग ले रहा है।
“राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा ईरान”
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान जहां एक ओर कूटनीतिक प्रयास जारी रखेगा, वहीं दूसरी ओर अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी तैयारी भी करता रहेगा।
उन्होंने अमेरिका और इज़राइल के सैन्य हमलों के संभावित क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभावों का जिक्र करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से “आक्रामक पक्षों” को जवाबदेह ठहराने की मांग की।
मीनाब घटना का भी किया जिक्र
बैठक के दौरान मीनाब शहर की घटना का उल्लेख करते हुए ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि वहां 170 निर्दोष छात्रों और शिक्षकों की हत्या जैसे अपराधों के लिए जिम्मेदार लोगों को सज़ा मिलनी चाहिए। उन्होंने इसे “मानवता विरोधी अपराध” बताया।
पाकिस्तान ने संबंध मजबूत करने की दोहराई प्रतिबद्धता
वहीं मोहसिन नकवी ने ईरान के राष्ट्रपति और अपने ईरानी समकक्ष के साथ हुई बैठकों को सकारात्मक और रचनात्मक बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार ईरान के साथ व्यापक संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
क्षेत्रीय राजनीति में बढ़ सकती है हलचल
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे समय में जब मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है, ईरान और पाकिस्तान के बीच हुई यह उच्चस्तरीय बैठक क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासतौर पर अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान की कूटनीतिक भूमिका पर भी नजरें टिकी हुई हैं।




