उत्तराखंड से दबोचा गया फरार आरोपी, हिंसा में हथियार सप्लाई का आरोप

बहेड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी गफ्फार खां को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को किच्छा क्षेत्र से दबोचा गया। गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गफ्फार खां पर बवाल के दौरान इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों की सप्लाई कराने का गंभीर आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
2025 की हिंसा से जुड़ा मामला
पुलिस जांच के अनुसार, सितंबर 2025 में मौलाना तौकीर रजा के प्रदर्शन आह्वान के बाद कई इलाकों में हिंसा, पथराव और पुलिस पर हमले की घटनाएं हुई थीं। इन्हीं घटनाओं के दौरान अवैध हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आई थी।
जांच में सामने आया कि एक संगठित नेटवर्क के जरिए हथियारों की सप्लाई की जा रही थी, जिसके तार गफ्फार खां से जुड़े पाए गए।
पहले भी बरामद हुए थे हथियार
फरवरी में पुलिस ने शेरगढ़ तिराहे के पास एक कार से पिस्तौल और कारतूस बरामद किए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि हथियार उत्तराखंड के कुछ लोगों तक पहुंचाए जाने थे।
इसी पूछताछ के आधार पर पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ था और छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इनमें से पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि गफ्फार खां लगातार फरार था।
किच्छा-रुद्रपुर में दबिश देकर गिरफ्तारी
पुलिस ने बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर किच्छा-रुद्रपुर रोड के बाजार क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
बहेड़ी के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।



