देश-विदेश

दिल्ली में अमेरिकी कार्यक्रम के दौरान फोन कॉल से बढ़ी भारत-अमेरिका दोस्ती

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई मजबूती देने वाला एक खास पल उस समय देखने को मिला, जब दिल्ली में अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा पत्र की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर लाइव आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे।

“मुझे प्रधानमंत्री मोदी बहुत पसंद हैं” – ट्रंप

कार्यक्रम के दौरान सर्जियो गोर को अचानक डोनाल्ड ट्रंप की कॉल आई। फोन पर ट्रंप ने कहा,
“सर्जियो, आपको हमारे देश का प्रतिनिधित्व करना होगा। मैं सबको नमस्कार कहना चाहता हूं। मुझे प्रधानमंत्री मोदी बहुत पसंद हैं। मोदी महान हैं और वो मेरे दोस्त हैं।”

ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर कहा कि दोनों देश पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि भारत अमेरिका पर पूरी तरह विश्वास कर सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर भारत को किसी भी प्रकार की मदद की जरूरत होगी तो उन्हें पता है कि किसे फोन करना है।

भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रंप का बड़ा बयान

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सरकार की आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार रिकॉर्ड स्तर पर हैं। उन्होंने भारत की प्रशंसा करते हुए कहा,
“भारत जो चाहे उसे वो मिल जाता है। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।”

ट्रंप ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भी जमकर तारीफ की और उन्हें अमेरिका के इतिहास का “सर्वश्रेष्ठ विदेश मंत्री” बताया।

पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण

कार्यक्रम के दौरान सर्जियो गोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रंप की ओर से व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया। ट्रंप ने फोन पर कहा कि पीएम मोदी को उनका नमस्कार जरूर पहुंचाया जाए और उन्हें बताया जाए कि वे उनके बड़े प्रशंसक हैं।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बड़ी प्रगति

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका और भारत एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के करीब हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों के अनुरूप और लाभदायक होगा।

रुबियो ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा सहयोग और तकनीकी साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की। दोनों देशों ने आपसी सहयोग को और गहरा करने पर जोर दिया।

अमेरिकी आव्रजन नीति को लेकर बढ़ी चिंता

मार्को रुबियो की भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका की नई आव्रजन नीति चर्चा में है। हाल ही में अमेरिका ने कई कानूनी प्रवासियों को स्थायी निवास यानी ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन करने को कहा है। इस बदलाव से भारतीय प्रवासियों के बीच चिंता बढ़ी है।

Related Articles

Back to top button