CUET UG 2026: परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी, कई केंद्रों पर देरी; NTA ने बढ़ाया अतिरिक्त समय

कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 30 मई को होने वाली परीक्षा के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण परीक्षा में देरी दर्ज की गई। इस वजह से छात्रों को समय पर परीक्षा शुरू नहीं हो सकी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बताया कि परीक्षा पार्टनर TCS की ओर से तकनीकी समस्या रिपोर्ट की गई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी छात्र का नुकसान न हो, इसके लिए सभी अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
दोपहर की शिफ्ट में बदला समय
NTA के अनुसार, दोपहर की शिफ्ट में परीक्षा देने वाले छात्रों को 2:30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा अब निर्धारित समय 3 बजे के बजाय 4 बजे से शुरू होगी।
सुबह की शिफ्ट में भी हुई देरी
सुबह की शिफ्ट में भी कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के चलते करीब 2 घंटे तक देरी हुई। मूल रूप से परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन इसे बाद में शुरू किया गया। इससे परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार कर रहे छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली।
परीक्षा का शेड्यूल
इस साल CUET UG परीक्षा 11 मई 2026 से शुरू हुई है और 31 मई तक चलनी थी। हालांकि कुछ तारीखों में बदलाव किया गया है और अब परीक्षा 31 मई, 6 जून और 7 जून को भी आयोजित की जाएगी।
NTA के अनुसार, इस वर्ष CUET UG के लिए कुल 15,68,866 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
छात्रों को राहत
एजेंसी ने आश्वासन दिया है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण किसी भी अभ्यर्थी के समय या अवसर का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और सभी को उचित अतिरिक्त समय दिया जाएगा।



