उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

सुप्रीम कोर्ट को मिली दूसरी महिला जज: आज लेंगी शपथ

नई दिल्ली: देश की सर्वोच्च अदालत में महिला प्रतिनिधित्व को मजबूती देते हुए राष्ट्रपति ने वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहना की सुप्रीम कोर्ट की जज के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद राष्ट्रपति की स्वीकृति के साथ उनकी नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। वी. मोहना बार से सीधे सुप्रीम कोर्ट की जज बनने वाली दूसरी महिला होंगी।

इससे पहले वर्ष 2018 में जस्टिस इंदु मल्होत्रा बार से सीधे सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त होने वाली पहली महिला जज बनी थीं। करीब पांच वर्षों बाद सुप्रीम कोर्ट में किसी महिला जज की नियुक्ति होने जा रही है। वी. मोहना मंगलवार को चार अन्य नए न्यायाधीशों के साथ पद की शपथ लेंगी।

सुप्रीम कोर्ट में महिला जजों की संख्या बढ़कर दो हुई

वी. मोहना की नियुक्ति के बाद सुप्रीम कोर्ट में महिला न्यायाधीशों की संख्या दो हो जाएगी। पिछले कई महीनों से जस्टिस बी. वी. नागरत्ना सर्वोच्च अदालत की एकमात्र महिला जज थीं। जस्टिस नागरत्ना अगस्त 2021 से सुप्रीम कोर्ट में कार्यरत हैं और वर्ष 2027 में देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश (CJI) बनने की कतार में हैं।

1988 से कर रहीं वकालत, कई अहम मामलों में की पैरवी

59 वर्षीय वी. मोहना ने 1988 में कोयंबटूर लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद से वह लगातार वकालत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्ष 2015 में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) का दर्जा प्रदान किया था।

उन्होंने कई महत्वपूर्ण और चर्चित मामलों में पक्ष रखा है। इनमें सशस्त्र बलों में महिला अधिकारियों की सेवा शर्तों, वरिष्ठ नागरिकों के संपत्ति अधिकारों और कर्नाटक के हिजाब विवाद जैसे मामले शामिल हैं।

सुप्रीम कोर्ट के इतिहास की 12वीं महिला जज

वी. मोहना सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में नियुक्त होने वाली 12वीं महिला जज होंगी। वहीं बार से सीधे नियुक्त होने वाली वह दूसरी महिला न्यायाधीश हैं। सुप्रीम कोर्ट में पहली महिला जज बनने का गौरव जस्टिस एम. फातिमा बीवी को प्राप्त है, जिन्हें 1989 में नियुक्त किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट में बढ़ी जजों की संख्या

हाल ही में केंद्र सरकार ने एक अध्यादेश के जरिए सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। इसके बाद रिक्त पदों की संख्या बढ़कर छह हो गई थी। हालांकि अब वी. मोहना समेत पांच नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के बाद केवल एक पद खाली रह जाएगा।

चार अन्य जज भी बने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश

वी. मोहना के अलावा मुंबई हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश चंद्रशेखर, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शील नागू, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण पल्ली को भी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है।

Related Articles

Back to top button