उत्तर प्रदेश

बरेली में दहेज की मांग से टूटी शादी, 20 लाख नकद और कार न मिलने पर बारात लौटी

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक बार फिर दहेज की लालच ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। कैंट थाना क्षेत्र में देर रात शादी से ठीक पहले दूल्हा पक्ष ने 20 लाख रुपये नकद और ब्रेजा कार की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर दूल्हा और उसके परिजन अड़ गए। काफी समझाने-बुझाने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो हंगामा हो गया और आखिरकार बारात बिना शादी किए ही लौट गई।

आठ महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

मामला कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार का है। यहां रहने वाले मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी नई बस्ती, थाना प्रेमनगर निवासी ऋषभ, पुत्र राम अवतार, से तय हुई थी। यह रिश्ता करीब आठ महीने पहले तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद धूमधाम से शादी की तैयारियां की गई थीं।

सगाई से शादी तक लगातार खर्च

लड़की पक्ष का आरोप है कि मई महीने में शहर के एक बड़े होटल में सगाई समारोह आयोजित किया गया, जिस पर करीब तीन लाख रुपये खर्च हुए। इस दौरान दूल्हे को सोने की अंगूठी, चेन और लगभग पांच लाख रुपये नकद दिए गए।
शादी से एक दिन पहले हुए लग्न कार्यक्रम में भी एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और शगुन के तौर पर 1.20 लाख रुपये नकद दिए गए। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर हर रस्म निभाई।

फेरों से पहले बढ़ी दहेज की मांग

शुक्रवार देर रात दूल्हा पक्ष बारात लेकर सदर बाजार स्थित युगवीणा मैरिज हॉल पहुंचा। ढोल-नगाड़ों के साथ बारात का स्वागत किया गया और सब कुछ सामान्य चल रहा था।इसी दौरान फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष ने अचानक 20 लाख रुपये नकद और एक ब्रेजा कार की मांग रख दी। यह सुनकर लड़की पक्ष स्तब्ध रह गया। जब परिजनों ने असमर्थता जताई तो दूल्हा पक्ष ने कार की कीमत नकद देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। बात बढ़ते-बढ़ते हंगामे में बदल गई।

पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

आधी रात के बाद दूल्हा पक्ष बारात वापस ले जाने लगा। इसी बीच किसी ने कैंट थाना पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और दूल्हा ऋषभ, उसके पिता राम अवतार और जीजा को हिरासत में ले लिया।

15 लाख से ज्यादा का खर्च, परिवार सदमे में

लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी तय कराने वाले सिकलापुर निवासी इंद्रपाल ने उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी और लगातार गुमराह करता रहा। परिजनों के मुताबिक, शादी की तैयारियों में 15 लाख रुपये से ज्यादा खर्च हो चुके हैं। इसके अलावा बारात में भी दूल्हा और उसके रिश्तेदारों को सोने के गहने और नकदी दी गई थी।

तहरीर के बाद होगी कार्रवाई

कैंट पुलिस का कहना है कि अभी लड़की पक्ष की ओर से लिखित तहरीर मिलना बाकी है। तहरीर मिलने के बाद दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से लड़की पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में इस शर्मनाक घटना की चर्चा हो रही है।

Related Articles

Back to top button