Sitapur News: संदना में बाघिन और तेंदुए की दहशत, 78वें दिन फिर मिले ताजा पगचिह्न—ग्रामीण खेतों तक जाने से डर रहे

सीतापुर जिले के संदना इलाके में बाघिन और तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। रविवार को अलग-अलग स्थानों पर बाघिन और तेंदुए के पगचिह्न मिलने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। मिश्रिख वन रेंज के अंतर्गत बाघिन की तलाश के 78वें दिन वन विभाग की टीम ने रसुलवा गांव के आसपास जंगल और खेतों में कॉम्बिंग की। इस दौरान उस जगह के आसपास बाघिन के ताजा पगचिह्न दिखाई दिए, जहां किसान कमल किशोर पर हमला कर उसकी मौत हो गई थी। पगचिह्न मिलने के बाद टीम ने आसपास के पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। कई दिनों से बाघिन के नए पगचिह्न नहीं मिल रहे थे, लेकिन घटनास्थल के आसपास दोबारा पगचिह्न मिलने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
इलाके के ग्रामीण अब खेतों की ओर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। खासकर महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी और कॉम्बिंग कर रही है, ताकि बाघिन की लोकेशन का पता लगाया जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके। वहीं गाजीपुर गांव के दक्षिण दिशा में रविवार सुबह ग्रामीणों को किसी जंगली जानवर के पगचिह्न दिखाई दिए। बड़े जानवर के पगचिह्न होने की जानकारी पर ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पगचिह्नों की जांच की। वन विभाग के मुताबिक गाजीपुर में मिले पगचिह्न तेंदुए के हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं और किसी भी जंगली जानवर को देखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। प्रशासन की ओर से भी इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

