उत्तर प्रदेश

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी, 31 जिलों में शीत दिवस का अलर्ट

लखनऊ:उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में शीतलहर चल रही है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। मौसम विभाग ने 7 जनवरी को प्रदेश के 31 जिलों में घने कोहरे और शीत दिवस (Cold Day) की चेतावनी जारी की है।

पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ी मैदानी इलाकों की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ नजर आ रहा है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों संभागों में आज भी मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन अधिकतर जिलों में घने से अत्यंत घना कोहरा छाने की संभावना है। कई स्थानों पर विजिबिलिटी जीरो मीटर तक रहने का अनुमान जताया गया है।

कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित

घने कोहरे और भीषण ठंड की वजह से लोग सुबह और शाम के समय घर से निकलने से परहेज कर रहे हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और चारों ओर कोहरे की सफेद चादर नजर आ रही है। ठंड के कारण कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं, जबकि कुछ जगहों पर स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।


31 जिलों में घने कोहरे और शीत दिवस का अलर्ट

अत्यंत घना कोहरा और शीत दिवस (ऑरेंज अलर्ट)

बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, गोरखपुर, बस्ती और संत कबीर नगर

घने से घना कोहरा (ऑरेंज अलर्ट)

सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी, मीरजापुर, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, महोबा और ललितपुर

घना कोहरा और शीत दिवस (यलो अलर्ट)

आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, औरैया, जालौन, रायबरेली, फतेहपुर, अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर और आजमगढ़

घना कोहरा रहने की संभावना

शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, झांसी, कौशांबी, प्रतापगढ़ और जौनपुर


इटावा रहा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला

बीते 24 घंटों में इटावा उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा गोरखपुर, कानपुर, सोनभद्र और आजमगढ़ में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, यानी ठंड का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button