मायावती का 70वां जन्मदिन आज, CM योगी और अखिलेश यादव ने दी बधाई, BSP मना रही ‘जन कल्याणकारी दिवस’

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती आज गुरुवार को अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं।
बीएसपी ने मायावती के जन्मदिन को ‘जन कल्याणकारी दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया है, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
CM योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा:
“बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना है।”सीएम योगी के इस संदेश को राजनीतिक शिष्टाचार के तौर पर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव का खास अंदाज, BJP पर भी साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी मायावती को जन्मदिन की बधाई दी, लेकिन अपने संदेश में उन्होंने बीजेपी पर हमला भी बोला।
अखिलेश यादव ने लिखा:
“आदरणीय मायावती को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उनको स्वस्थ, स्वतंत्र जीवन और सार्थक सक्रियता के लिए अनंत शुभकामनाएं।”
इसके बाद उन्होंने आगे कहा:
“उन्होंने जीवन भर प्रभुत्वादियों के खिलाफ जाकर शोषित, वंचित, उत्पीड़ित, उपेक्षित और अपमानित समाज के मान-सम्मान तथा अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया और संविधान विरोधी बीजेपी व उनके संगी-साथियों को जिस तरह ललकारा, वो निरंतर बना रहे—इसी कामना के साथ पुनः जन्मदिन की बधाई।”




