नोएडा में घरेलू सहायिकाओं की हड़ताल, सेक्टर-121 समेत कई सोसाइटी में प्रदर्शन

नोएडा: नोएडा में पिछले चार दिनों से चल रहे श्रमिक आंदोलन के बीच अब घरेलू सहायिकाओं (हाउस हेल्प) ने भी हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार (14 अप्रैल) को सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में घरेलू काम करने वाली महिलाएं सड़कों पर उतर आईं और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि उन्हें वर्तमान में कम वेतन मिल रहा है और इसमें बढ़ोतरी की जानी चाहिए। साथ ही उनका आरोप है कि उन्हें नियमित छुट्टी भी नहीं दी जाती। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी।
सूचना मिलने पर नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल तैनात है।
गौरतलब है कि इससे पहले नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन के दौरान कुछ इलाकों में हिंसा और पथराव की घटनाएं भी सामने आई थीं। फिलहाल शहर के अधिकतर हिस्सों में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं।



