उत्तर प्रदेश

यूपी में बढ़ी गर्मी: कई जिलों में पारा 40 पार, आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर अब साफ दिखने लगा है। प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है, जिससे दिन चढ़ने के साथ गर्मी और ज्यादा महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 5-6 दिनों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल बारिश या बादल के कोई आसार नहीं हैं और पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है।

राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और आसपास के जिलों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। दिन में 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

बीते 24 घंटों में बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, उरई और हमीरपुर में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा। अयोध्या, झांसी और चित्रकूट में भी गर्मी का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button