उत्तर प्रदेश

रवि किशन का विपक्ष पर तीखा वार, बोले– महिला आरक्षण का विरोध…

गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल “पुरुष प्रधान मानसिकता” से ग्रसित हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सोच को बदलना चाहते हैं।

रवि किशन ने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाएं आगे आएं और उन्हें झाड़ू-पोछा, चूल्हा-बर्तन तक सीमित रखना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दल केवल परिवारवाद की राजनीति करते हैं और इसी कारण उन्होंने महिला आरक्षण का विरोध किया।

बलिया में परशुराम जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए रवि किशन ने कहा कि अगर महिला आरक्षण लागू होता तो हर जिले में पढ़ी-लिखी बेटियों को सांसद और विधायक बनने का मौका मिलता। उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद देश में सांसदों की संख्या बढ़ती और लोकतंत्र और मजबूत होता।

बीजेपी सांसद ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने हमेशा परिवारवाद को बढ़ावा दिया है और महिला सशक्तिकरण के खिलाफ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने अपने ही घर की महिलाओं को आगे नहीं आने दिया।

रवि किशन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी संकल्प लिया है, उसे पूरा किया है और महिला आरक्षण भी आने वाले समय में लागू होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि 2029 तक यह बिल फिर से मजबूत होकर पारित होगा और विपक्ष की सोच पर जनता जवाब देगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में एक सांसद सभी समस्याएं नहीं सुन सकता, इसलिए महिला प्रतिनिधित्व बढ़ना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button