उत्तर प्रदेश

यूपी में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी

उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। हालत यह है कि दिन के साथ-साथ रातें भी अब गर्म होने लगी हैं।

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने बुधवार (22 अप्रैल) को 35 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक और बढ़ने का अनुमान है।


25 अप्रैल तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 25 अप्रैल तक भीषण गर्मी और लू से राहत की कोई संभावना नहीं है। 26 अप्रैल के आसपास एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है।

इसके बाद 27 अप्रैल को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।


अगले पांच दिनों में और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में गर्मी और बढ़ेगी। अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी लखनऊ में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है।


सबसे गर्म जिले बने प्रयागराज और वाराणसी

बीते 24 घंटों में प्रयागराज और वाराणसी सबसे गर्म जिले रहे। यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

इसके अलावा सुल्तानपुर, बांदा और आजमगढ़ में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला, जहां तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रहा।


आगरा और पश्चिमी यूपी में भी तपिश

आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में भी तेज गर्मी जारी है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री तक पहुंच गया है।

नोएडा और गाजियाबाद में भी लू का असर देखने को मिल रहा है, जहां तापमान लगभग 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है।


35 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने जिन प्रमुख जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है, उनमें प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी समेत कई जिले शामिल हैं।


प्रशासन ने दी सावधानी की सलाह

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से दिन के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button