उत्तर प्रदेश

मेदांता अस्पताल में अनुपमा जायसवाल से अखिलेश यादव की मुलाकात, यूपी की सियासत में बढ़ी हलचल

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को अचानक लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का इलाज चल रहा है। अनुपमा जायसवाल एक हालिया प्रदर्शन के दौरान आग से झुलस गई थीं।

अखिलेश यादव ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर भी साझा कीं, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई।

अखिलेश यादव की इस पहल के बाद भाजपा खेमे के कई वरिष्ठ नेता भी सक्रिय हो गए। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और ओम प्रकाश राजभर भी देर रात मेदांता अस्पताल पहुंचे और अनुपमा जायसवाल से मुलाकात की। यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना।

जानकारी के अनुसार, अनुपमा जायसवाल बहराइच की सदर विधानसभा सीट से भाजपा की विधायक हैं और हाल ही में एक प्रदर्शन के दौरान आग की चपेट में आने से घायल हो गई थीं। उनका इलाज फिलहाल लखनऊ के मेदांता अस्पताल में जारी है।

अखिलेश यादव की मुलाकात को जहां एक ओर मानवीय पहल के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं इसके बाद अन्य नेताओं की त्वरित सक्रियता ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है

Related Articles

Back to top button