594 KM गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण, मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा 6-7 घंटे में पूरा

उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। करीब ₹36,200 करोड़ की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे राज्य के 12 जिलों को आपस में जोड़ता है और पश्चिमी यूपी से पूर्वी यूपी तक की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाता है।
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज के बीच की यात्रा अब लगभग 6 से 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी, जिससे समय और परिवहन लागत दोनों में बड़ी बचत होगी।
गंगा एक्सप्रेसवे को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया गया है। शाहजहांपुर में लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी एयर स्ट्रिप विकसित की गई है, जहां आपात स्थिति में लड़ाकू विमानों की लैंडिंग भी संभव होगी। इसे रणनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
फिलहाल यह एक्सप्रेसवे छह लेन में शुरू किया गया है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तार देने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े और आधुनिक सड़क प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है, जो राज्य की आर्थिक और रणनीतिक दोनों क्षमता को मजबूत करेगा।



