उत्तर प्रदेश

ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- ‘सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए, मंत्री बनवा दूंगा’

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर अब योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा पलटवार किया है। राजभर ने भोजपुरी अंदाज में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सपा प्रमुख पर निशाना साधा और उन्हें सुभासपा ज्वाइन करने तक का ऑफर दे डाला।

“बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना”

ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव को अपने परिवार की चिंता करने के बजाय दूसरों के घर की राजनीति ज्यादा परेशान कर रही है।

उन्होंने लिखा,

“अखिलेश जी, अभी आपके भाई का देहांत हुआ है और पूरा परिवार दुख में है। मैं भी आपके दुख में शामिल हूं, इसलिए आपकी समाज को बांटने वाली राजनीति पर टिप्पणी करना बंद कर दिया था। लेकिन आप इतने सत्ता लोलुप हैं कि परिवार की ‘गमी’ के बीच भी राजनीति सूझ रही है।”

राजभर ने आगे तंज कसते हुए कहा,

“बेगाने मंत्रिमंडल में अखिलेश दीवाना!”

“सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए, मंत्री बनवा दूंगा”

कैबिनेट मंत्री ने आगे लिखा कि अगर अखिलेश यादव मंत्रिमंडल को लेकर इतने ही इच्छुक हैं तो वे सुभासपा ज्वाइन कर लें।

उन्होंने कहा,

“अगर इच्छुक हैं तो सुभासपा ज्वाइन कर लीजिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से झगड़ा कर लूंगा, लेकिन आपको एक विभाग का मंत्री बनवा कर रहूंगा।”

“तेरहवीं तक रुक जाइए”

राजभर ने अपने बयान में निजी टिप्पणी करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को परिवार के शोक के समय राजनीति से बचना चाहिए।

उन्होंने लिखा,

“जरा तेरहवीं तक रुक जाइए, फिर विचारों की राजनीति कर लीजिएगा। कुछ आप हमें कह लीजिएगा, कुछ हम आपको सुना देंगे।”

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में देरी को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा था।

उन्होंने कहा था,

“क्या मंत्रियों के नाम के बाद अब उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी?”

अखिलेश ने आरोप लगाया था कि विभागों के बंटवारे में कमीशन और कमाई को लेकर “डबल इंजन” सरकार के भीतर टकराव चल रहा है।

राजकुमार भाटी विवाद के बीच बढ़ी सियासी गर्मी

राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। हाल ही में समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार भाटी के बयान को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर बीजेपी और बसपा दोनों ने सपा को घेरा था। ऐसे में अब ओम प्रकाश राजभर के इस बयान ने यूपी की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है।

Related Articles

Back to top button