गोंडा में प्रेमी जोड़े की संदिग्ध मौत, एक ही पेड़ पर लटके मिले शव, इलाके में सनसनी

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर एक ही रस्सी के सहारे फंदे से प्रेमी जोड़े के शव लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान 15 वर्षीय किशोरी चांदनी और 17 वर्षीय युवक उमेश के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साली बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। चांदनी की बड़ी बहन की शादी उमेश के बड़े भाई से हुई थी, जिसके चलते दोनों की मुलाकात और नजदीकियां बढ़ीं।
परिजनों के मुताबिक, चांदनी बुधवार दोपहर घर से यह कहकर निकली थी कि वह शौच के लिए जा रही है, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद दोनों के शव पेड़ पर लटके मिले।
सूचना पर कटरा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर जांच की।
पुलिस को घटनास्थल से एक कीपैड मोबाइल फोन भी मिला है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




