‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर अब्बास अंसारी का तंज, बोले- दफ्तर खुला हो तो मुझे भी ज्वाइन करा दें

उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित ‘Cockroach Janata Party (CJP)’ की चर्चा तेज है. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस नाम को लेकर राजनीतिक हलकों में भी बयानबाजी शुरू हो गई है. इसी बीच मऊ सदर से विधायक और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के नेता Abbas Ansari ने इस मुद्दे पर मजाकिया अंदाज में बड़ा बयान दिया है.
मऊ पहुंचे अब्बास अंसारी से जब पत्रकारों ने पूछा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव किस पार्टी से लड़ेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “एक कॉकरोच पार्टी काफी चर्चा में है, क्यों ना उसे ही ज्वाइन कर लूं. अगर उसका दफ्तर खुला हो तो कोई मुझे भी ज्वाइन करा दे.”
‘हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी कह रहे थे…’
बातचीत के दौरान अब्बास अंसारी ने समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि “हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी ज्वाइन करने के लिए कह रहे थे.” उनके इस बयान को सपा प्रमुख Akhilesh Yadav के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट से जोड़कर देखा जा रहा है.
दरअसल, बुधवार को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट करते हुए लिखा था — “bjp vs cjp”. इसके बाद से सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर मीम्स और राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.
सपा से चुनाव लड़ने के संकेत?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अब्बास अंसारी ने मजाकिया अंदाज में ही सही, लेकिन इशारों में यह संकेत जरूर दे दिया है कि वह भविष्य में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं. हालांकि, अभी तक सपा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण लगातार बदलते नजर आ रहे हैं और ऐसे बयान आने वाले समय में नई चर्चाओं को जन्म दे सकते हैं.




