गोरखपुर के रामगढ़ताल में जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का समापन, सीएम योगी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर स्थित रामगढ़ताल में आयोजित 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप देश और उत्तर प्रदेश में पिछले वर्षों में खेलों का मजबूत इकोसिस्टम विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जहां प्रदेश में खेल सुविधाओं का अभाव था, वहीं अब गांव स्तर तक खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया खेलो और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और सरकारी नौकरी देकर सरकार खेलों को करियर के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
सीएम योगी ने रामगढ़ताल में रोइंग प्रतियोगिता के आयोजन को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अब वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बन रहा है, जहां रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन की योजना है।
कार्यक्रम में देश के 20 राज्यों से आए करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने बालिका वर्ग में और आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी ने बालक वर्ग में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।
इस अवसर पर खेल मंत्री, जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



