उत्तर प्रदेश

यूपी में बिजली संकट पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- ‘महा विद्युत आपदा’ से त्रस्त है जनता

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जारी बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में हो रही बिजली कटौती और अव्यवस्था को “महा विद्युत आपदा” करार देते हुए बीजेपी सरकार, मंत्रियों और अधिकारियों पर जनता को परेशान करने का आरोप लगाया।

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए अपने लंबे पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भीषण गर्मी और बिजली संकट से परेशान है, जबकि बीजेपी के विधायक और सांसद केवल दिखावटी चिट्ठियां लिखकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

“बीजेपी नेता डूबते जहाज से निकलने की तैयारी में”

अखिलेश यादव ने लिखा,
“उत्तर प्रदेश में असहनीय महा विद्युत आपदा की वजह से लोग लगातार आक्रोश में आ गए हैं। उनके आक्रोश को देखते हुए भयभीत बीजेपी के विधायक और सांसद दिखावटी पत्र के रूप में जिस कागजी कवच से खुद को बचाना चाह रहे हैं, वो पत्र जनहित का नहीं बल्कि आगामी चुनावों में विपक्ष से टिकट पाने का आवेदन पत्र है।”

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन में ऐसे नेताओं के लिए कोई जगह नहीं है जो जनता को केवल दुख-दर्द और परेशानियां देते हैं।

भीषण गर्मी में जनता परेशान

सपा प्रमुख ने कहा कि इस जानलेवा गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बीमारों, बच्चों और महिलाओं को झेलनी पड़ रही है। बिजली कटौती के कारण पानी और खाने की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा,
“परिवारों के बड़े बुज़ुर्गों, बीमारों, बच्चों और खाने-पानी की व्यवस्था में झुलसती महिलाओं की क्या दुर्दशा हो रही है, ये सिर्फ परिवारवाले ही समझ सकते हैं।”

बीजेपी सरकार में अंदरुनी कलह का दावा

अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए सरकार के भीतर चल रही खींचतान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “आपदा में अवसर” खोजने वाली बीजेपी अब खुद ही संकट में फंस गई है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार किसी “नाकाम दूत-मंत्री” को हटाकर कैबिनेट विस्तार का रास्ता निकाल सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी के “डबल इंजन” की आपसी टकराहट का खामियाजा जनता भुगत रही है।

“जनता की नहीं, खजाना भरने की चिंता”

योगी सरकार पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर सिर्फ अपना “खजाना भरने” में लगी है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को अब अपनी वापसी की उम्मीद नहीं है।

पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा,
“जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा!”

पहले भी साध चुके हैं निशाना

इससे पहले भी अखिलेश यादव बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने कहा था कि प्रदेश की “महा विद्युत आपदा” के लिए बीजेपी सरकार, बिजली मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर, पार्षद, बिजली विभाग के अधिकारी और भ्रष्ट ठेकेदार जिम्मेदार हैं।

Related Articles

Back to top button