उत्तर प्रदेश

सूर्या हत्याकांड पर CM योगी का बड़ा बयान: ‘धर्म की स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी’

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के अफजलगढ़ में आयोजित एक जनसभा के दौरान गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म और समाज की रक्षा के लिए केवल उपदेश नहीं, बल्कि आवश्यक होने पर सुदर्शन चक्र भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सूर्या चौहान को दोस्ती के नाम पर धोखा दिया गया और उसके साथ हुई घटना बेहद दुखद है।

सीएम योगी ने कहा, “दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं हो सकती। यदि कोई अपनी नालायक औलाद को सही रास्ता नहीं दिखा पा रहा है, तो यह उसकी सबसे बड़ी चूक है और ऐसी गलती की सजा भी मिलेगी।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की संवेदनाएं हमेशा कानून का पालन करने वाले नागरिकों के साथ हैं और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

‘पुलिस ने अपना काम किया’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बकरीद के दिन सूर्या चौहान के साथ जो हुआ, वह समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर अपना दायित्व निभाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की।

‘सामने राक्षस हो तो शस्त्र उठाना पड़ता है’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति, धर्म और महाभारत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा हमेशा धर्म की रक्षा का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा, “जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। यदि सामने खर-दूषण जैसे राक्षस हों, तो शस्त्र उठाना भी आवश्यक हो जाता है।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज को सही और गलत के बीच स्पष्ट अंतर समझना होगा और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना होगा।

पाकिस्तान से आए परिवारों को मिला मालिकाना हक

इससे पहले मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टाधारकों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि 1645 विस्थापित परिवारों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक सौंपा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “दशकों तक न्याय का इंतजार करने वाले इन परिवारों को चौथी पीढ़ी में उनका अधिकार मिला है। आज करीब 8 से 10 हजार लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।”

गोवंश संरक्षण पर भी बोले मुख्यमंत्री

जनसभा में मुख्यमंत्री ने गोवंश संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गोहत्या के खिलाफ सख्त नीति पर काम कर रही है और इस संबंध में कानून का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत में गाय के प्रति श्रद्धा और सम्मान की परंपरा सदियों पुरानी है और प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। गोहत्या में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button