उत्तर प्रदेश

सूर्या हत्याकांड: आरोपी असद के घर चस्पा हुआ नोटिस, ढोल बजवाकर 15 दिन में जवाब देने का अल्टीमेटम

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में प्रशासन ने सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. प्रशासन ने आरोपी के घर के बाहर नोटिस चस्पा कर 15 दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है. इस दौरान ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर से पूरे इलाके में मुनादी कराई गई, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई.

उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस को असद के मकान के मुख्य गेट पर चस्पा किया गया. मौके पर तहसीलदार समेत राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन का दावा है कि जिस भूमि पर मकान बना है, उस पर अवैध कब्जा किया गया है. नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित पक्ष 15 दिनों के भीतर अपना जवाब उप जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करे.

15 दिन में जवाब नहीं तो होगी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या कब्जा स्वयं नहीं हटाने की स्थिति में मकान को ध्वस्त किया जाएगा. ध्वस्तीकरण की पूरी लागत भी संबंधित व्यक्ति से वसूली जाएगी. कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

अपराधियों की संपत्तियों की हो रही जांच

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार ने कहा कि खोड़ा क्षेत्र में सक्रिय 14 हिस्ट्रीशीटरों समेत अन्य अपराधियों की संपत्तियों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि अपराध के जरिए अर्जित की गई किसी भी संपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जांच प्रक्रिया में राजस्व विभाग की टीम भी सहयोग कर रही है.

बाइक विवाद से शुरू हुआ था मामला

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी असद और मृतक सूर्या चौहान एक-दूसरे के दोस्त थे. दोनों के बीच मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि इसी विवाद के बाद सूर्या पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

हालांकि, सूर्या चौहान के परिजनों का कहना है कि उसे फोन कर बहाने से बुलाया गया था और पहले से घात लगाए बैठे कई लोगों ने उस पर चाकुओं से हमला किया. मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही है.

Related Articles

Back to top button