यूपी में बदला मौसम: कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 6 जून तक रहेगा असर

लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, जबकि कई जिलों में धूप के साथ मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज 3 जून (बुधवार) को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है।
40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में अगले 3–4 दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ और NCR में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर के बाद हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
नोएडा और गाजियाबाद में भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है और दिन में तेज हवाओं के चलते मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
किन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत और आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में भी मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
6 जून तक जारी रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग का कहना है कि यूपी में 6 जून तक आंधी-बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। हालांकि इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी और अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है।
गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ेगी उमस
फिलहाल बारिश और हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ने की संभावना है।




