मुरादाबाद में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग का आरोपी शंकर शर्मा गोली लगने से घायल

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है। मझोला थाना क्षेत्र में पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में फायरिंग का आरोपी शंकर शर्मा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस के साथ एक बाइक बरामद की गई है।
पार्श्वनाथ प्लाजा फायरिंग का आरोपी निकला बदमाश
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान मझोला थाना क्षेत्र के चिड़ियाटोला निवासी शंकर शर्मा के रूप में हुई है। वह बीती रात पार्श्वनाथ प्लाजा पार्किंग में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना का मुख्य आरोपी था। घटना के बाद पार्किंग संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने हर्बल पार्क रोड के पास शंकर शर्मा की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शंकर शर्मा के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
दो तमंचे और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से सात से आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इलाके में दहशत फैलाने का आरोप
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक इलाके में हवाई फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराते हुए उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।



