उत्तर प्रदेश

Noida Fire News: आईवी काउंटी सोसाइटी की 12वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, कई फ्लैट खाली कराए गए

दिल्ली के बाद अब नोएडा में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी के एक अपार्टमेंट में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। आग 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भड़की और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

आसपास के फ्लैट खाली कराए गए

अग्निशमन विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर आग प्रभावित फ्लैट के आसपास के घरों को खाली कराना शुरू कर दिया है। अधिकारियों को आशंका है कि आग आसपास के फ्लैटों तक फैल सकती है, इसलिए राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।

फायर विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं ताकि किसी बड़े नुकसान को रोका जा सके।

जनहानि की नहीं हुई पुष्टि

आईवी काउंटी सोसाइटी थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में आती है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अभी तक किसी के घायल होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही मिनटों में आग पूरे फ्लैट में फैल गई।

सेक्टर-52 में भी आग लगने की घटना

इसी बीच नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-52 स्थित शताब्दी विहार में भी आग लगने की खबर सामने आई है। यहां एक बंद कार्यालय में आग भड़क गई।

राहगीरों ने कार्यालय से धुआं निकलता देखा और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में जुट गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में भी किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

जांच जारी

दमकल विभाग दोनों घटनाओं के कारणों की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की वजह का पता लगाने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।

Related Articles

Back to top button