उत्तर प्रदेश

“आप भारतीय हो क्या?” सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर धर्मेंद्र प्रधान का कांग्रेस पर हमला

नई दिल्ली – मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को लेकर राजनीति गर्मा गई है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और राहुल गांधी को “संविधान विरोधी सोच” का प्रतीक बताया।

सुप्रीम कोर्ट की तीखी टिप्पणी

यह विवाद तब शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपांकर दत्ता ने राहुल गांधी से सवाल किया कि

“आपको यह कैसे पता चला कि भारत की दो हज़ार वर्ग किलोमीटर ज़मीन चीन ने कब्जा ली है? क्या आप वहां मौजूद थे? क्या आपके पास कोई विश्वसनीय जानकारी है? अगर आप सच्चे भारतीय हैं, तो ऐसा नहीं कहेंगे।”

यह टिप्पणी राहुल गांधी के उस बयान के संदर्भ में आई, जो उन्होंने 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिया था। राहुल ने कहा था कि

“चीन ने अरुणाचल प्रदेश में 20 भारतीय जवानों की हत्या कर हमारी 2,000 वर्ग किलोमीटर ज़मीन कब्ज़ा ली है, लेकिन भारतीय मीडिया इस पर सवाल नहीं करता।”

धर्मेंद्र प्रधान का कांग्रेस पर निशाना

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का हवाला देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा,

“जो लोग संविधान को लेकर देशभर में घूमते हैं, वही सबसे बड़े संविधान विरोधी हैं।”

प्रधान ने आगे कहा,

“कल सुप्रीम कोर्ट ने एक सवाल पूछा – ‘क्या आप भारतीय हैं?’ यही असली मुद्दा है। इन लोगों की मानसिकता ही संविधान विरोधी है। जब भी इन्हें मौका मिला, इन्होंने संविधान को तार-तार किया।”

कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया?

अब तक इस मामले पर कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक वे जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button