देश-विदेश
दिवाली से पहले केंद्र सरकार का तोहफा, DA बढ़ा

दशहरा और दिवाली से पहले मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3% की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके साथ ही 57 नए केंद्रीय विद्यालयों की मंजूरी और रबी फसलों का MSP बढ़ाने का भी फैसला किया गया है।
कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत
- केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ता 55% से बढ़ाकर 58% कर दिया है।
- यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी।
- अक्टूबर की सैलरी के साथ कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर का एरियर भी मिलेगा।
- इस फैसले से करीब 49.2 लाख कर्मचारी और 68.7 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।
- यह साल 2025 का दूसरा DA संशोधन है।
57 नए केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी
कैबिनेट ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 57 नए केंद्रीय विद्यालयों (KVs) को खोलने की मंजूरी दी।
- 20 KV ऐसे जिलों में होंगे जहां अभी तक कोई विद्यालय नहीं है।
- 14 KV आकांक्षी जिलों में, 4 KV नक्सल प्रभावित जिलों में और 5 KV पूर्वोत्तर व पहाड़ी क्षेत्रों में खोले जाएंगे।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह निर्णय शिक्षा की पहुंच और गुणवत्ता को और बेहतर करेगा।
रबी फसलों के MSP में बढ़ोतरी
केंद्र ने रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) भी बढ़ाने का फैसला लिया है।
- रबी सीजन 2026-27 के दौरान अनुमानित खरीद 297 लाख मीट्रिक टन होगी।
- किसानों को प्रस्तावित MSP पर कुल 84,263 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।