उत्तर प्रदेश

करवा चौथ के बाद ‘लुटेरी दुल्हनों’ का कारनामा, रातों-रात गहने और नकदी लेकर फरार

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिहार से आई दो दुल्हनों ने शादी के महज दो दिन बाद ही अपने ससुराल वालों को लूट लिया। हैरानी की बात यह है कि दोनों ने करवा चौथ पर पतियों की लंबी आयु के लिए व्रत भी रखा और रात में गहने और नगदी लेकर फरार हो गईं। पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों की संख्या आधा दर्जन से अधिक हो सकती है।

घटना थाना सासनी गेट क्षेत्र के मथुरा रोड की बताई जा रही है। यहां 9 अक्टूबर को बिहार की दो लड़कियों की अलग-अलग परिवारों में शादी हुई थी। एक शादी कोर्ट मैरिज थी जबकि दूसरी घर में पारंपरिक रीति से सात फेरे लेकर हुई थी। शादी के अगले दिन 10 अक्टूबर को दोनों ने करवा चौथ का व्रत रखा और रात को फरार हो गईं।

रस्सी बनाकर भागीं दुल्हनें
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, दोनों दुल्हनों ने व्रत खोलने के बाद साड़ी की रस्सी बनाकर दूसरी मंजिल से नीचे उतरकर भागने की योजना बनाई। भागने से पहले वे चार सोने के कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र और करीब ₹1.20 लाख नकद लेकर गायब हो गईं। दोनों मामले सासनी के ही दो अलग-अलग परिवारों से जुड़े हैं।

लुटेरी दुल्हनों के गिरोह पर शक
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व मेयर शकुंतला भारती भी पीड़ित परिवारों के साथ थाने पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह किसी संगठित लुटेरी दुल्हनों के गिरोह का काम है और इसका सरगना मनोज गुप्ता नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिहार से आई कई महिलाएं ऐसे फर्जी विवाह गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं। अभी तक दो ही केस दर्ज हुए हैं, लेकिन पुलिस को अंदेशा है कि ऐसे कई और परिवार ठगी का शिकार हो चुके हैं।

Related Articles

Back to top button