अयोध्या दीपोत्सव 2025: बनेगा दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 26 लाख से ज्यादा दीप जलेंगे

इस बार अयोध्या में होने वाला दीपोत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार इस कार्यक्रम को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियों में जुटी है। दीपोत्सव-2025 में दो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर् बनाए जाएंगे।
पहला रिकॉर्ड 26 लाख 11 हजार 101 दीपों के प्रज्वलन से बनेगा, जबकि दूसरा रिकॉर्ड सरयू आरती के दौरान 2100 दीपों के दीपदान से बनाया जाएगा। आरती में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, संस्कृत विद्यालयों के छात्र और वालंटियर्स हिस्सा लेंगे।
इस बार दीपोत्सव में कई नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं। ड्रोन शो में 1100 ड्रोन आसमान में 10 तरह की आकृतियां बनाएंगे। भीड़ प्रबंधन के लिए AI कैमरों की मदद ली जाएगी, जिससे लोगों की संख्या की सटीक जानकारी मिल सके।
दीपोत्सव के दौरान स्थानीय उत्पादों की भी विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें स्वयं सहायता समूह, ODOP और संस्कृति विभाग की ओर से अयोध्या के पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि यह दीपोत्सव का नौवां संस्करण है। यूपी सरकार हर साल नया रिकॉर्ड बनाकर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराती है। इस बार दिए जलाने के साथ-साथ आरती में दीपदान कर दूसरा रिकॉर्ड भी बनाने की तैयारी है।