उत्तर प्रदेश

UP Weather Update: यूपी में दस्तक देने को तैयार सर्दी, दिन में धूप लेकिन सुबह-शाम बढ़ी ठंड और धुंध

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अब बदलने लगा है। दिन में हल्की धूप निकल रही है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक के साथ धुंध भी दिखाई देने लगी है। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों में राज्य में सर्दी का असर और बढ़ेगा।

आज रहेगा शुष्क मौसम, सुबह-शाम धुंध का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार (25 अक्टूबर) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप देखने को मिलेगी, जबकि सुबह और देर रात में छिछला कोहरा छाने की संभावना है।
प्रदेश के सभी 75 जिले ग्रीन जोन में हैं और किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की गई है।

29-30 अक्टूबर को हो सकती है बारिश

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वांचल के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
इससे तापमान में गिरावट आएगी और सर्दी का असर और बढ़ जाएगा।

तापमान में आएगी गिरावट

आईएमडी ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं, न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा।

मेरठ सबसे ठंडा जिला

बीते 24 घंटों में मेरठ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा बरेली, मुजफ्फरनगर, बाराबंकी और इटावा भी ठंडे जिलों में शामिल रहे।राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सिहरन

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिशा से सतही हवाएं चल रही हैं, जिससे रात में तापमान तेजी से गिर रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले हफ्ते से सर्दी औपचारिक तौर पर यूपी में दस्तक देने जा रही है।

Related Articles

Back to top button