देश-विदेश

बिहार चुनाव: अखिलेश यादव 1 नवंबर को चुनाव प्रचार के लिए बिहार पहुंचेंगे, इंडिया गठबंधन को देंगे जोरदार समर्थन

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन की लड़ाई अब और दिलचस्प हो गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव 1 नवम्बर को पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए बिहार पहुंच रहे हैं।

अखिलेश यादव इस दौरान पूर्णिया, मधुबनी और दरभंगा जिलों में चुनावी जनसभाएं करेंगे और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में वोटरों को साधने की कोशिश करेंगे। सपा अध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी और मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव भी प्रचार में शामिल हो सकती हैं।

सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव तीन दिन तक बिहार दौरे पर रह सकते हैं। 2 और 3 नवम्बर को भी अलग-अलग स्थानों पर उनकी बड़ी जनसभाएं और रोड शो आयोजित किए जाने की संभावना है। इस दौरान सपा इंडिया गठबंधन को चुनाव में मजबूती देने की कोशिश करेगी।

सपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। इसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, वरिष्ठ नेता आजम खान, अफजाल अंसारी, इकरा हसन, प्रिया सरोज, सांसद राजीव राय समेत 20 अन्य बड़े चेहरे शामिल हैं।

बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवम्बर को 121 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवम्बर को 122 सीटों पर किया जाएगा। वोटों की गिनती 14 नवम्बर को होगी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवम्बर को समाप्त हो रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सपा और इंडिया गठबंधन की स्टार प्रचारकों की सूची और प्रचार अभियान एनडीए के लिए चुनौती पेश कर सकता है।

Related Articles

Back to top button