देश-विदेश

जबलपुर में आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक, मोहन भागवत होंगे मौजूद

जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की सालाना बैठक गुरुवार, 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित की जा रही है। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने मंगलवार को बताया कि बैठक में देशभर के 407 प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे और संघ प्रमुख मोहन भागवत भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

बैठक में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से संघ कार्य, पंच परिवर्तन पहल, और अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा होगी।

आरएसएस का शताब्दी वर्ष इस साल मनाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत नागपुर में विशेष कार्यक्रम के साथ हुई थी। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि रहे और दलाई लामा का संदेश भी पढ़ा गया।

सुनील आंबेकर ने बताया कि गृह संपर्क योजना के तहत संघ के स्वयंसेवक हर घर तक पहुंचने का अभियान चला रहे हैं। यह अभियान 25-40 दिन तक चलेगा और दिसंबर-जनवरी तक अधिकतर प्रांतों में जारी रहेगा। तहसील स्तर पर सद्भावना बैठक और युवाओं के लिए भी कई आयोजन किए जाएंगे।

संघ प्रमुख मोहन भागवत 25 अक्टूबर को जबलपुर पहुँच चुके हैं और बैठक शहर के विजय नगर इलाके में आयोजित होगी, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और क्रियान्वित पहलों की समीक्षा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button