
रक्सौल, 7 नवंबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्सौल में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास ज्ञान और संस्कृति से भरा हुआ है, लेकिन कांग्रेस और आरजेडी जैसे पार्टियों ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया।
योगी ने कहा,
“यह वही बिहार है जिसने नालंदा विश्वविद्यालय और चाणक्य जैसे विद्वान दिए। ये कांग्रेस-आरजेडी वाले हमेशा सनातन के प्रभु राम के विरोधी रहे हैं। अब तो पीएम मोदी और सीएम नीतीश के नेतृत्व में सीतामढ़ी में मां जानकी का भव्य मंदिर बन रहा है। जो राम का है वही हमारे काम का है, जो राम का नहीं वह किसी काम का नहीं।”
सीएम योगी ने आरजेडी शासन के दौरान हुई हिंसा और अपराधों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 के बीच 60 से ज्यादा नरसंहार और 30 हजार से अधिक अपहरण हुए। योगी ने तीखी भाषा में कहा:
“आज फिर लालटेन लेकर आए हैं ये लोग। यह लालटेन नहीं, इनकी डकैती का साधन है। इन्होंने लालटेन के तेल भी लूटा और पूरे बिहार में अंधेरा किया। आपके घरों पर डाका भी डाला।”
सीएम ने मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन को नकारें और पीएम मोदी एवं नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकास की नई गति देने का मौका दें। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में आस्था और विरासत दोनों मजबूत हो रहे हैं, जैसे बनारस में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में भव्य राम मंदिर।
योगी ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस-आरजेडी ने बिहार में रामलला के मंदिर निर्माण का रथ रोका और अयोध्या में निर्दोष कारसेवकों पर गोली चलाने का पाप किया। उन्होंने कहा,
“हमने तब भी कहा था, लाठी-गोली खाएंगे, लेकिन मंदिर वहीं बनाएंगे।”
सीएम योगी की इस जनसभा में बिहार चुनाव के पहले चरण की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में जोश का माहौल देखा गया।


