देश-विदेश

कोलकाता में अमित शाह की दहाड़, बोले- बंगाल में भय, भ्रष्टाचार और कुशासन का अंत तय

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोलकाता में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन सभी भारतीयों के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि 1943 में इसी दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराया था

बंगाल चुनाव पर बड़ा संदेश

अमित शाह ने कहा कि अप्रैल में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और आने वाले कुछ महीने राज्य के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पिछले 15 साल के शासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस दौरान बंगाल में भय, भ्रष्टाचार और कुशासन का माहौल रहा है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

भाजपा सरकार बनने का भरोसा

गृहमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगर बंगाल में भाजपा सरकार बनती है, तो राज्य में विकास की गंगा बहेगी
उन्होंने कहा कि

  • घुसपैठ रोकने के लिए विशेष ग्रिड सिस्टम बनाया जाएगा
  • अवैध घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा

अमित शाह ने दावा किया कि 15 अप्रैल 2026 के बाद बंगाल में पुनर्जागरण की शुरुआत होगी और भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

भाजपा के बढ़ते जनाधार का किया जिक्र

अमित शाह ने बंगाल में भाजपा की चुनावी यात्रा का भी उल्लेख किया:

  • 2014 लोकसभा चुनाव: 17% वोट, 2 सीटें
  • 2017 विधानसभा चुनाव: 10% वोट, 3 सीटें
  • 2019 लोकसभा और 2021 विधानसभा: मुख्य विपक्ष
  • 2024 लोकसभा चुनाव: 39% वोट, 12 सीटें

उन्होंने कहा कि यह भाजपा के मजबूत होते आधार का स्पष्ट प्रमाण है।

घुसपैठ और राष्ट्रीय सुरक्षा पर हमला

अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार पर घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब यह केवल राज्य का नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा बन चुका है और इसे रोकने में केवल भाजपा सक्षम है।

भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा

गृहमंत्री ने कहा कि बंगाल में

  • मंत्रियों और नेताओं के ठिकानों से करोड़ों रुपये की बरामदगी हो रही है
  • कोई जवाबदेही तय नहीं है

उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि माताएं, बहनें और बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं, और यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बंगाल की अर्थव्यवस्था पर चिंता

अमित शाह ने दावा किया कि

  • बंगाल का GDP योगदान तीसरे स्थान से गिरकर 22वें स्थान पर आ गया है
  • भ्रष्टाचार, घुसपैठ और टोलबाजी के कारण विकास योजनाएं ठप पड़ी हैं

उन्होंने कहा कि जनता के हितों की अनदेखी के कारण ममता सरकार का जाना तय है

TMC सरकार पर गंभीर आरोप

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में

  • सिंडिकेट राज चल रहा है
  • हर स्तर पर कट और हिस्सेदारी देनी पड़ती है
  • डीजीपी जैसी नियुक्तियों में भी मनमानी होती है

उन्होंने आरोप लगाया कि

  • अब तक 300 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है
  • 3000 से ज्यादा कार्यकर्ता विस्थापित जीवन जी रहे हैं

साथ ही उन्होंने कहा कि देश के गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है, लेकिन बंगाल में यह सुविधा जानबूझकर रोकी जा रही है

“हिंसा और प्रतिशोध की राजनीति होगी खत्म”

अमित शाह ने अंत में कहा कि बंगाल में हिंसा, प्रतिशोध और केंद्र-विरोधी राजनीति का दौर खत्म होगा और 2026 में भाजपा राज्य को नई दिशा देगी।

Related Articles

Back to top button