संभाजीनगर में AIMIM की गुटबाजी हिंसक, दो गुटों में हाथापाई, इम्तियाज जलील की कार पर हमला

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी के दो गुटों के बीच जमकर हाथापाई और हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा।
टिकट बंटवारे को लेकर इम्तियाज जलील से नाराजगी
जानकारी के मुताबिक, AIMIM सांसद इम्तियाज जलील से पार्टी के कई स्थानीय नेता टिकट वितरण को लेकर नाराज चल रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। हंगामे के दौरान इम्तियाज जलील पर हमले की कोशिश भी की गई।
इम्तियाज जलील की कार पर हमला, कार्यकर्ता ही निकले हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर कोई और नहीं बल्कि AIMIM के ही कार्यकर्ता थे। इम्तियाज जलील जिस कार में सवार थे, उस पर हमला किया गया। हालांकि इस घटना में उन्हें कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के बाद दोनों गुट स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
संभाजीनगर लगातार विवादों में
छत्रपति संभाजीनगर बीते कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। दो दिन पहले AIMIM उम्मीदवार की रैली में नोटों की बारिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस रैली में समर्थकों द्वारा खुलेआम नोट उछाले जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हड़कंप मच गया था।
आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
इस घटना को लेकर विपक्षी दलों और नागरिक संगठनों ने AIMIM पर चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। चुनावी माहौल में इस तरह से नोटों की बारिश को मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास बताया जा रहा है।
दो दिन पहले ऑफर के चलते मची थी भगदड़
इससे पहले शहर में 5000 रुपये की साड़ी 599 रुपये में देने के ऑफर के कारण भारी भगदड़ मच गई थी। इस घटना में बच्चे दब गए और तीन महिलाएं बेहोश हो गई थीं। ऑफर की खबर फैलते ही एक हजार से अधिक महिलाएं और लड़कियां दुकान पर पहुंच गईं, जिससे सड़क जाम हो गई और हालात बेकाबू हो गए।
मौके पर जवाहरनगर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सचिन कुंभार अपनी टीम के साथ पहुंचे और माइक्रोफोन के जरिए लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।



