देश-विदेश

इंडिगो पर DGCA की बड़ी कार्रवाई, 22.2 करोड़ का जुर्माना; CEO को चेतावनी, SVP हटाए गए

नई दिल्ली। बीते साल दिसंबर में उड़ानों में भारी अव्यवस्था के मामले में विमानन नियामक DGCA की जांच रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में इंडिगो एयरलाइंस के ऑपरेशन और मैनेजमेंट में गंभीर खामियां पाई गई हैं। DGCA ने सख्त रुख अपनाते हुए इंडिगो पर 22.2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है और शीर्ष अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

DGCA ने इंडिगो के CEO को चेतावनी जारी की है, जबकि COO (अकाउंटेबल मैनेजर) को वार्निंग दी गई है। इसके अलावा SVP (ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर) को ऑपरेशनल जिम्मेदारियों से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। फ्लाइट ऑपरेशन और क्रू प्लानिंग से जुड़े अन्य अधिकारियों को भी चेतावनी दी गई है।

ऑपरेशन और सॉफ्टवेयर में गंभीर खामियां
जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि इंडिगो ने जरूरत से ज्यादा ऑपरेशनल ऑप्टिमाइजेशन किया, जबकि क्रू और विमानों के लिए पर्याप्त बैकअप नहीं रखा गया। साथ ही नई फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमावली को सही तरीके से लागू नहीं किया गया। सॉफ्टवेयर सपोर्ट और मैनेजमेंट स्ट्रक्चर में भी गंभीर कमियां सामने आई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, क्रू पर अत्यधिक दबाव डाला गया। ड्यूटी घंटों को अधिकतम करने की कोशिश की गई, जिसमें डेड-हेडिंग, टेल स्वैप और लंबी ड्यूटी शामिल थी। क्रू को पर्याप्त आराम और रिकवरी का समय नहीं दिया गया, जिससे रोस्टर और फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुए।

दिसंबर 2025 में हजारों उड़ानें रद्द और लेट
DGCA की रिपोर्ट के मुताबिक दिसंबर 2025 में इंडिगो की 2,507 उड़ानें रद्द हुईं और 1,852 उड़ानों में देरी हुई। देश के विभिन्न एयरपोर्ट पर तीन लाख से अधिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

इस पूरे मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के निर्देश पर DGCA ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति ने पाया कि इंडिगो मैनेजमेंट परिचालन बफर बनाए रखने, जोखिमों की समय पर पहचान करने और संशोधित FDTL नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में विफल रहा।

DGCA की सख्त चेतावनी
DGCA ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button