खेल

IPL 2026 से पहले विवाद: नुवान तुषारा ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ दायर किया केस, 23 अप्रैल को सुनवाई

कोलंबो: एक ओर बांग्लादेश क्रिकेट में उठापटक जारी है, वहीं श्रीलंका क्रिकेट भी इन दिनों विवादों में घिरा हुआ है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नहीं मिलने पर श्रीलंका क्रिकेट के खिलाफ कोर्ट का रुख किया है।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कोलंबो डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को सूचित किया है कि वह तुषारा की याचिका का विरोध करेगा। इस मामले में अगली सुनवाई 23 अप्रैल को तय की गई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, विदेशी खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के लिए अपने देश के क्रिकेट बोर्ड से NOC लेना अनिवार्य होता है। तुषारा ने अपनी याचिका में कहा कि उन्हें 2024 और 2025 सीजन के लिए NOC मिला था, जिसके चलते उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से हिस्सा लिया था।

हालांकि, इस बार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने नई फिटनेस प्रणाली के मानकों को पूरा न करने का हवाला देते हुए उन्हें NOC देने से इनकार कर दिया।

कॉन्ट्रैक्ट खत्म, फिर भी विवाद

तुषारा ने अदालत को बताया कि उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुका है और वह अब नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं लेना चाहते। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उनके राष्ट्रीय टीम चयन पर विचार नहीं किया जाएगा।

ऐसे में तुषारा का कहना है कि NOC न देना अनुचित है और इससे उनके करियर पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

आर्थिक नुकसान की आशंका

तुषारा ने यह भी दलील दी कि अगर उन्हें NOC नहीं मिला, तो RCB उन्हें IPL 2026 से बाहर कर सकती है। उन्हें मिनी ऑक्शन में 1.60 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। NOC न मिलने की स्थिति में उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भविष्य के अवसरों से भी हाथ धोना पड़ सकता है।

अब इस पूरे मामले पर सबकी नजर 23 अप्रैल को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हुई है, जहां यह साफ होगा कि तुषारा IPL में खेल पाएंगे या नहीं।

Related Articles

Back to top button