नोएडा में मजदूरों का उग्र प्रदर्शन: पुलिस से झड़प, पथराव और आगजनी

उत्तर प्रदेश के Noida में सोमवार सुबह बड़ा बवाल देखने को मिला। Noida Phase 2 में सैलरी बढ़ोतरी की मांग कर रहे मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया और पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प हो गई।
कैसे भड़का विवाद?
सुबह करीब 9:30 बजे एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर एकत्र हुए थे। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस से नोकझोंक के बाद हालात बिगड़ गए और भीड़ बेकाबू हो गई।
पथराव और लाठीचार्ज
गुस्साए मजदूरों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और कई जगह तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद हिंसा और बढ़ गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
गाड़ियों में आग, भारी नुकसान
पुलिस के मुताबिक, Sector 84 Noida में प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। यहां तक कि पुलिस की दो गाड़ियां पलटकर उनमें आग लगा दी गई। हजारों की संख्या में मजदूर सड़कों पर उतर आए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इसके अलावा Sector 62 Noida में भी प्रदर्शन शुरू हो गया।
तीन दिन से चल रहा था विरोध
जानकारी के मुताबिक, मजदूर पिछले तीन दिनों से वेतन बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। हाल ही में लागू लेबर एक्ट के तहत हुई बढ़ोतरी से वे संतुष्ट नहीं थे।
प्रशासन लगातार मजदूरों को समझाने की कोशिश कर रहा था। जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत भी हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
बातचीत विफल, भड़की हिंसा
रविवार को हुई बैठक के दौरान ही मजदूरों में असहमति के संकेत मिलने लगे थे। सोमवार सुबह प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया, जिसमें भीड़ ने इमारतों के शीशे तोड़े, सड़कों पर आगजनी की और पुलिस पर हमला कर दिया।
प्रशासन सतर्क
स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और शांति बहाल करने की कोशिश जारी है।




