ममता बनर्जी का केंद्र पर बड़ा हमला, परिसीमन को बताया ‘बंगाल बांटने की साजिश’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हुए परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। टीवी9 बांग्ला को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के बहाने पश्चिम बंगाल को बांटने की साजिश रची जा रही है।
ममता बनर्जी ने कहा कि यह कोई सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि एक “गहरी राजनीतिक साजिश” है, जिसे उन्होंने ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से जोड़ते हुए वर्णित किया। उन्होंने दावा किया कि अगर SIR और परिसीमन लागू होता है, तो आगे चलकर एनआरसी (NRC) की भी कोशिश हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर उनकी सरकार सत्ता में बनी रहती है तो वे किसी भी कीमत पर ऐसे कदमों को लागू नहीं होने देंगी।
चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी वोटरों के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने SIR को “स्पेशल इंटेंसिव डिलीशन” बताते हुए आरोप लगाया कि यह राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि बीजेपी चुनाव में सीधे मुकाबले से बचने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल कर रही है।
‘बदले की राजनीति’ का आरोप
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच एजेंसियों—ED, CBI और इनकम टैक्स—का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी नेताओं और उनके करीबियों को डराने के लिए लगातार कार्रवाई हो रही है।
2026 चुनाव को लेकर भरोसा
ममता बनर्जी ने कहा कि उन पर कई मोर्चों से दबाव बनाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वे जनता के समर्थन से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जनता का पूरा समर्थन प्राप्त है और 2026 के चुनावों में उनकी सरकार फिर से सत्ता में आएगी।




